छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन में कॉलेज महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उच्च शिक्षा के
दौरान छात्र अकादमिक दबाव, सामाजिक समायोजन, वित्तीय तनाव और व्यक्तिगत पहचान की
खोज जैसी चुनौतियों का सामना करते हैं। इससे छात्रों का मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होता है।
इस संदर्भ में कॉलेजों की जिम्मेदारी केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि छात्रों के समग्र
कल्याण को सुनिश्चित करना भी है। कॉलेज अपने विभिन्न कार्यक्रमों द्धारा छात्रों के मानसिक
स्वास्थ्य पर ध्यान देते हैं। अभिविन्यास कार्यक्रमों तथा पाठ्यक्रम द्धारा छात्रों को अच्छी जीवन
शैली अपनाने, तनाव कम करने, रचनात्मक कार्यों में रुचि विकसित करने आदि के लिए प्रेरित
किया जा सकता है। तनाव की प्रारंभिक पहचान करने, हस्तक्षेप और मदद करने में कॉलेज
महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। काउंसलिंग और सही मदद से छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को
सुधारा जा सकता है। इसी क्रम में मनोचिकित्सकीय सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
कॉलेजों में इस तरह की नीतियां होनी चाहिए जो छात्रों को बिना निरुत्साहित किए उनके
कल्याण हेतु कार्य करें। वर्कशॉप, रचनात्मक क्रियाकलाप, सांस्कृतिक गतिविधियां, प्रतियोगिताएं,
खेलकूद, सेमिनार, सामाजिक कार्यों में भागीदारी जैसे कार्यों से इसमें मदद मिल सकती है।
कॉलेज कुछ मात्रा में उपरोक्त प्रयासों को कर रहे हैं। इन प्रयासों को और अधिक प्रभावित बनाने
के लिए ठोस नीतियां बनाने और उनको ईमानदारी तथा संवेदनशीलता के साथ लागू करने की
आवश्यकता है।
मानसिक स्वास्थ्य, कॉलेज, शैक्षिक सफलता, सफल जीवन, समग्र कल्याण