वर्तमान समय में किशोर विद्यार्थियों का मानसिक कल्याण शिक्षा-जगत की एक अत्यंत
गंभीर चिंता के रूप में उभरकर सामने आया है। तीव्र प्रतिस्पर्धा, पारिवारिक अपेक्षाएँ, सामाजिक
दबाव, डिजिटल विचलन तथा भावनात्मक एकाकीपन के कारण अनेक विद्यार्थी तनाव, संकोच,
आत्म-अभिव्यक्ति की कठिनाई और आंतरिक असंतुलन का अनुभव कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में
केवल औपचारिक परामर्श-व्यवस्था पर्याप्त सिद्ध नहीं होती, विशेषतः उन शैक्षिक परिवेशों में
जहाँ सहज, सुलभ और मानवीय संवाद की आवश्यकता अधिक होती है। प्रस्तुत शोध पत्र इसी
संदर्भ में “सहज संवाद मॉडल” की अवधारणा को केंद्र में रखता है और यह अन्वेषण करता है कि
अनौपचारिक मार्गदर्शन, सहानुभूतिपूर्ण श्रवण तथा कथा-वाचन की प्रक्रिया किस प्रकार किषोर
विद्यार्थियों के मानसिक कल्याण को सुदृढ़ कर सकती है।
यह अध्ययन गुणात्मक एवं अन्वेषणात्मक प्रकृति का है, जिसमें किशोर विद्यार्थियों के
अनुभवों, शिक्षक-शिष्य संवाद, तथा कथा-आधारित सहभागिता के प्रभाव का विश्लेषण किया
गया है। शोध में यह प्रतिपादित किया गया है कि जब विद्यार्थी को निर्णय-मुक्त, आत्मीय और
विश्वासपूर्ण वातावरण प्राप्त होता है, तब वह अपने अंतर्मन की उलझनों को अधिक सहजता से
व्यक्त कर पाता है। कथा-वाचन इस प्रक्रिया में केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि
भाव-विरेचन, आत्म-पहचान, मूल्यबोध और मानसिक सशक्तिकरण का एक उपचारात्मक
उपकरण बनकर उभरता है। स्वीकृति, अभिव्यक्ति, सशक्तिकरण ;।बादवूसमकहमए ।तजपबनसंजमए
।ििपतउद्ध पर आधारित सहज संवाद मॉडल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, भावनात्मक संतुलन,
व्यवहारिक परिष्कार तथा अध्ययन के प्रति सकारात्मक अभिरुचि विकसित करने की दिशा में
उपयोगी सिद्ध हो सकता है। यह शोध शिक्षा को मात्र ज्ञान-प्रदान की प्रक्रिया न मानकर मानवीय
स्पर्श, संवेदनशील संवाद और मानसिक पोषण की एक समग्र यात्रा के रूप में देखने का आग्रह
करता है।
सहज संवाद मॉडल, किशोर विद्यार्थी, मानसिक कल्याण, अनौपचारिक मार्गदर्शन, परामर्श